कलेक्टर सिंह द्वारा जनसुनवाई, 86 आवेदन प्राप्त |

आगर-मालवा । कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में 86 आवेदन प्राप्त हुए । इस अवसर पर अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, डिप्टी कलेक्टर मनीषा कौल सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में ग्राम जमुनिया बड़ौद के भेरूसिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किश्त नहीं मिलने के पर आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि अन्य कृषकों को पीएम किसान सम्मान निधि में 19 किश्त प्राप्त हो चुकी है, जबकि उसे 16 किश्त ही मिली है। जिसकी कलेक्टर ने मौके पर अधिकारियों से जांच करवाई, जिसमें हिताग्रही की बैंक डीबीटी नहीं होने पर किश्त जमा नहीं होना पाया गया। कलेक्टर ने हितग्राही की डीबीटी कार्यवाही पूर्ण करने हेतु कहा गया।
जनसुनवाई में ग्राम तनोड़िया की सुगनबाई ने आर्थिक सहायता प्रदान करवाने के लिए आवेदन दिया। आवेदिका ने बताया कि उसके पति रामप्रसाद की मृत्यु वाहन दुर्घटना में हो गई है। पति की मृत्यु के बाद जीवन निर्वाह करने में आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने एसडीएम को सड़क दुर्घटना में आर्थिक सहायता प्रकरण बनाने के निर्देश दिए गए।
ग्राम तनोड़िया के लालजीराम ने मकान निर्माण कार्य रोके जाने के संबंध में आवेदन देकर बताया कि ग्राम पंचायत तनोड़िया द्वारा पूर्व में स्वयं के भू-खण्ड पर निर्मित झोपड़ी को तोड़कर उसके स्थान पर प्रधानमंत्री आवास योजना में स्वीकृत आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ करने पर रोका जा रहा है। आवेदक ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए खोदे गये गढ्डे भी पंचायत द्वारा पुनः बंद कर दिये गये है। उक्त स्थान पर मकान निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया जाए। कलेक्टर ने सीईओ जनपद को उक्त प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
ग्राम डोंगरगांव निवासी जगदीश ने आवेदन देकर बताया कि उसके पुत्र का उपचार के दौरान एक निजी चिकित्सक द्वारा गलत तरीके इंजेक्शन देने से पैर खराब हो गया है। इंजेक्शन लगाने के बाद पुत्र को पैर से चलने में कठिनाईयां हो रही है, जिसकी चिकित्सक को सूचना देने पर पहले तो उपचार का खर्च उठाया गया, किन्तु अब उपचार नहीं करवाया जा रहा है। चिकित्सक से उपचार पर खर्च हो रही राशि प्रदान करवाई जाए। कलेक्टर ने सीएमएचओ को प्रकरण की जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम मलवासा निवासी ओमप्रकरण एवं जगदीश ने कृषि भूमि पर जाने के रोके गये एक मात्र रास्ते को चालू करवाने हेतु आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि उनकी कृषि भूमि पर जाने के रास्ते को गांव के अनावेदक व्यक्तियों द्वारा रोक दिया गया है। रास्ता रोके जाने से कृषि यंत्रों का लाने ले जाने व कृषि संबंधित सभी कार्य प्रभावित हो रहे है। कलेक्टर ने तहसीलदार आगर को आवेदकों की समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live