शिवरात्रि पर भक्ति की बयार: शिव डेरा स्थित बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर में महिलाओं ने रचाई हल्दी-मेहंदी
कानड़। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में नगर के शिव डेरा स्थित अति प्राचीन बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। पर्व की पूर्व संध्या पर मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा पारंपरिक हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान भोलेनाथ का गुणगान किया और मंगल गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को हल्दी और मेहंदी रचाने के साथ ही श्रद्धा भाव से बाबा भूतेश्वर महादेव को भी हल्दी-मेहंदी अर्पित की। विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगी सजावट और दीप सज्जा के बीच भक्तों की आस्था उमड़ती नजर आई। आयोजन से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित किया जाता है, जिससे परंपराओं का निर्वहन होने के साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर नगर का प्रमुख आस्था केंद्र है। सावन मास में यहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विवाह सीजन में नवविवाहित वर-वधू भी यहां आकर दांपत्य जीवन में सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां जारी हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
