इंदौर। मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने क्लाउड माइग्रेशन और ऑनलाइन सेवाओं के अपडेशन का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसके बाद बिजली बिल का कैशलेस भुगतान बेहद तेज और सुगम हो गया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि सबसे पहले एमपी ऑनलाइन की बिजली बिल भुगतान सेवाएं शुरू की गईं। इसके बाद यूपीआई आधारित माध्यमों — पेटीएम, फोनपे, गूगल पे, अमेज़न पे आदि से भी तेज़ी से भुगतान जारी है। उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार शाम से शुक्रवार शाम तक यानी 24 घंटे के भीतर लगभग 1.50 लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिल डाउनलोड किए, जिनमें से 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने कैशलेस तरीके से भुगतान किया। शुक्रवार को औसतन मात्र 5 से 7 सेकंड में बिल का भुगतान पूरा हो गया।
सिंह ने बताया कि आईटी विभाग के आवश्यक कार्य के चलते जिन उपभोक्ताओं की पे-डेट पिछले 3–4 दिनों में थी, उनकी अंतिम तिथि पहले ही बढ़ा दी गई थी। ऐसे उपभोक्ताओं से दो दिनों के अंतराल में भुगतान न करने पर भी किसी प्रकार का अधिभार नहीं लिया जाएगा।
न्होंने कहा कि कंपनी निर्बाध बिजली आपूर्ति और बेहतर उपभोक्ता सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए हज़ारों कर्मचारी समर्पित भाव से लगातार कार्यरत हैं।
