कलेक्टर ने दिए निर्देश,जिले में अवैध कॉलोनियों का निर्माण नहीं हो,  शासन नियमानुसार कॉलोनियों का निर्माण नहीं करने पर कॉलोनाईजर के विरूद्ध करे कार्यवाही

 

आगर-मालवा। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। दस्तावेजों की सूक्ष्मता और निष्पक्षता से जांच हो। फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने वालो पर कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। अंतिम सूची पर प्राप्त दावे आपत्ति का निराकरण समय पर करे। सभी राजस्व न्यायालय में लंबित नामांतरण, बंटवारा, डायवर्शन के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण किया जाए। राजस्व प्रकरणों के निपटारा हेतु अनुभाग स्तर पर प्रति सप्ताह बैठक की जाए। सभी राजस्व मद में लक्ष्य अनुसार वसूली भी सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व अधिकारियों व संबंधित अधिकारियों को दिये।

टीएल बैठक में आजीविका महिला समूह संगठन एवं अस्पताल प्रबंधन के मध्य कैंटीन संचालन का अनुबंध हुआ। आगर ज़िला अस्पताल परिसर में स्थापित केंटीन का संचालन अब स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जाएगा। कलेक्टर की उपस्थिति में अनुबंध पर ज्योति समुदायिक आजीविका महिला संगठन की अध्यक्ष प्रेमकुँवर एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हस्ताक्षर कर अनुबंध का हस्तांतरण किया। इस अनुबंध से अस्पताल परिसर में बेहतर खाद्य सामग्री मिल सकेंगी, वही महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारी को निर्देश दिए कि आजीविका मिशन अंतर्गत गठित समूह के उत्पादों को बढ़ावा मिले और उनकी आय में वृद्धि हो, इसके लिए सभी शासकीय कार्यालयों में समूह उत्पादों का अधिकाधिक उपयोग करे।

कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ और नगरीय निकायों सीएमओ को समग्र ई केवाईसी का कार्य में गंभीरता बरतते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेल्थ विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रसूति सहायता योजना अंतर्गत हितग्राही को भुगतान समय पर किया जाए। इससे संबंधित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतो का भी शीघ्र निपटारा करें। कलेक्टर ने कहा कि जिन शासकीय विभागों को शासकीय प्रयोजन के लिए भूमि का आवंटन हुआ है वह भूमि अपने कब्जे में लेकर उसकी सुरक्षा करें। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जिले के शासकीय स्कूलों, आगनवाड़ी केन्द्रों, शासकीय भवनों के आसपास अवैध अतिक्रमण हो तो हटवाया जाए। पीएम आवास योजना में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण कार्य समय-सीमा पूर्ण करवाएं। राशि डालने के बाद भी निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों को आरआरसी जारी कर वसूली की जाए।

कलेक्टर ने सीईओ जनपदों को निर्देश दिए कि गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखें। गौशालाओं में गौवंशों का भौतिक सत्यापन करें। पशुपालन विभाग के अधिकारी को जिन स्थानों पर गौठान बनाकर गौवंश रखे गये गौवंश के लिये भूसा, पेयजल, विद्युत आदि व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अवैध कॉलोनियों का निर्माण नहीं हो, नवनिर्मित कॉलोनियों का भ्रमण कर शासन नियमानुसार कॉलोनियों का निर्माण नहीं करने पर कॉलोनाईजर के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को नागरिकों को शुद्ध एवं मानक स्तर की खाद्यान्न सामग्री प्राप्त हो, इसके लिये नमूने एकत्रित करने और अमानक खाद्य सामग्री बेचने वालों पर कार्यवाही प्रस्तावित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्व-रोजगार योजनाओं में सभी विभागों एवं बैंकर्स का लक्ष्यानुसार प्रगति के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन की लम्बित शिकायतों की वन-टू-वन समीक्षा कर अधिकारियों को शिकायत निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया कि मॉ बगुलामुखी मंदिर नलखेड़ा में आगामी नवरात्रि में आजीविका मिशन समूह की प्रशिक्षित 6 महिलाओं द्वारा ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा। पार्किंग स्थल से मंदिर तक निर्धारित किराये पर यात्रियों को लाने-ले जाने का कार्य ई-रिक्शा के माध्यम से समूह महिलाएं करेगी।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, एसडीएम आगर मिलिन्द ढ़ोके, सुसनेर सर्वेश यादव, डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े, प्रेमनारायण यादव सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live