कलेक्टर व एसपी ने किया गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण !
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिए निर्देश
आगर-मालवा। भाद्रपद माह की चतुर्थी से चतुर्दशी तक मनाए जाने वाले गणेश महोत्सव के दौरान जिलेभर में चल समारोह, प्रतिमा विसर्जन और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा विशेष तैयारी की जा रही है।इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने कानड़ क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने शिव पहाड़ी कानड़ स्थित देवनारायण तालाब और चोमा नदी पर बने गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित प्रवेश और निकास मार्ग बनाए जाएँ तथा भीड़ नियंत्रण हेतु पुलिस और प्रशासनिक दल मुस्तैद रहें।
एसपी विनोद कुमार सिंह ने यातायात नियंत्रण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विसर्जन स्थलों पर बैरिकेड्स, स्टॉपर और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि रिजर्व बल, बचाव दल और गोताखोर दल मौके पर आवश्यक संसाधनों के साथ मौजूद रहें, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान कानड़ थाना प्रभारी राजकुमार दांगी सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
