भाजपा मंडल उपाध्यक्ष निकला ड्रग तस्कर, दो गाड़ियों से केटामाइन, मशीनरी और करोड़ों का माल जब्त

 

 | मोबाइल डाटा व बैंक खातों से बड़े खुलासे | आरोपी फरार, बड़े नेताओं से जुड़े फोटो वायरल

 

आगर-मालवा। जिले के तनोडिया से नशे के खिलाफ पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी है। भाजपा तनोडिया मंडल उपाध्यक्ष राहुल आंजना करोड़ों रुपये के ड्रग कारोबार में लिप्त पाया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश अनुसार अवैध मादक पदार्थों पर कार्यवाही करते हुए , आगर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार यह बड़ी कार्रवाई की , जिसमें पुलिस ने दो गाड़ियों से नशीले पदार्थ, ड्रग बनाने की मशीन और रसायन बरामद किए हैं ।

 

 

9.250 किलो केटामाइन और मशीनरी जब्त

 

आगर पुलिस ने छापे में मारुति अर्टिगा (MP13CE6055) और इग्निस (MP13CD4006) गाड़ियों से 9.250 किलो केटामाइन, 6 ग्राम एमडी ड्रग, अमोनियम क्लोराइड पाउडर (12.100 किलो), आइसोप्रोपाइल अल्कोहल (35 लीटर), ड्रग बनाने की मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए हैं । जब्त माल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5 करोड़ 8 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

 

केटामाइन से बनता है खतरनाक MD ड्रग

 

केटामाइन से एमडी (मेफेड्रोन) नामक खतरनाक ड्रग तैयार किया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, 1 किलो केटामाइन से लगभग 10 किलो एमडी ड्रग तैयार किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में अमोनियम नाइट्रेट और स्प्रिट का उपयोग होता है। पुलिस का मानना है कि यहाँ फैक्ट्री स्तर पर एमडी ड्रग का निर्माण और सप्लाई की जा रही थी।

 

दबिश में दो गिरफ्तार, मंडल उपाध्यक्ष फरार

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ईश्वर मालवीय और दौलत सिंह आंजना को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राहुल आंजना फरार हो गया। पुलिस ने उसके घर से संदिग्ध दस्तावेज और रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं।

 

मोबाइल डाटा और बैंक खातों से खुलासे

 

पुलिस को राहुल आंजना के पिछले दो सालों का मोबाइल डाटा हाथ लगा है। इसमें बड़े सप्लायर और खरीदारों से हुई बातचीत और सौदों के अहम सबूत मिले हैं। सूत्रों के अनुसार, उसके बैंक खातों की जांच में भी पिछले दो सालों से बेहिसाब रकम के लेन-देन और संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। यह नेटवर्क बेहद संगठित और बड़े स्तर पर फैला हुआ बताया जा रहा है।

 

राजनीतिक संरक्षण के आरोप

 

राहुल आंजना तनोडिया का भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रह चुका है और वर्तमान में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के साथ ग्राम पंचायत का सरपंच प्रतिनिधि भी है। कार्रवाई के बाद उसके प्रदेश और क्षेत्रीय नेताओं के साथ खिंचवाए गए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष विजय लक्ष्मी तंवर ने भाजपा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया है सरकार के सानिध्य ने ही इनके नेता अवैध कारोबार कर रहे है और इन्हें राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त है

 

कानूनी धाराएँ और आगे की कार्रवाई

 

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों पर स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 की धारा 8 और 22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार राहुल आंजना की तलाश तेज कर दी गई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और डिजिटल सबूतों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े और बड़े नाम सामने आएंगे।

 

कानून सबके लिए एक, कड़ी कार्यवाही होगी : भाजपा जिलाध्यक्ष 

 

उक्त मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने मिडिया को बताया कि भाजपा सरकार में कोई भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा वो चाहे किसी भी दल का हो , कानून अपना काम कड़ाई से कर रहा है ।

 

इलाके में हड़कंप

 

तनोडिया और आसपास के ग्रामीण इस खुलासे से हैरान हैं। लोगों का कहना है कि पंचायत और पार्टी स्तर पर जिम्मेदारी संभालने वाला व्यक्ति इतने बड़े ड्रग माफिया नेटवर्क में शामिल निकला, यह बेहद चौंकाने वाली बात है। इस मामले ने स्थानीय राजनीति और प्रशासन दोनों को हिला दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live