आगर-जिले में मेकेन फूड्स ग्रुप की होगी एंट्री, |
3800 करोड़ का निवेश प्रस्तावित
कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक
आगर-मालवा।
कलेक्टर प्रीति यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़, मेकेन फूड इंडस्ट्रीज समूह के प्रतिनिधि एवं राजस्व, बिजली, जल संसाधन सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मेकेन फूड्स समूह ने आगर- जिले में 3800 करोड़ रुपये के निवेश के साथ फ्रेंच फ्राइज निर्माण यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कंपनी प्रतिनिधियों ने विस्तृत प्रेजेंटेशन देते हुए यूनिट की संभावित लोकेशन, उत्पादन प्रक्रिया, चरणबद्ध कार्य योजना और रोजगार सृजन की संभावनाओं की जानकारी साझा की।
कनाडा आधारित मेकेन फूड्स विश्व की अग्रणी फ्रोजन फूड निर्माता कंपनियों में से एक है, जो 160 से अधिक देशों में कार्यरत है। भारत में कंपनी की कई इकाइयां पहले से संचालित हैं। समूह का कहना है कि आगर-मालवा की जलवायु और मिट्टी आलू उत्पादन के लिए उपयुक्त होने से यहां उद्योग स्थापना के लिए यह क्षेत्र आदर्श है।
एमपीआईडीसी के अधिकारियों ने बैठक में जिले में उपलब्ध औद्योगिक क्षेत्र, भूमि, सड़क संपर्क, बिजली व जल आपूर्ति जैसी सुविधाओं का विवरण प्रस्तुत किया। निगम द्वारा कंपनी को उपयुक्त भूमि के विकल्प दिखाए गए हैं, जिनका स्थल निरीक्षण प्रतिनिधि दल द्वारा शीघ्र किया जाएगा।
कलेक्टर प्रीति यादव ने कहा कि आगर- औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल भौगोलिक स्थिति रखता है। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया एवं सभी आवश्यक अनुमतियां शीघ्र पूर्ण की जाएं ताकि निवेश प्रक्रिया में कोई विलंब न हो। उन्होंने कहा कि निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम के तहत सभी स्वीकृतियां समय पर मिलेंगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस निवेश से न केवल जिले की औद्योगिक पहचान सुदृढ़ होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
