ब्रेकिंग न्यूज |
आगर जिले के कानड़ स्थित पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच अचानक हुए तेज धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका डॉक्टर जय प्रकाश सोनी के डबल मंजिला मकान में हुआ, जिसकी गूंज दूर तक सुनाई दी। तेज आवाज से आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की अंदरूनी व बाहरी दीवारें दरक गईं और छत का हिस्सा जमीन पर आ गिरा। मकान के अंदर लगा एसी सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पड़ोसी मकान की छत को भी नुकसान पहुंचा है, जबकि सड़क पर मलबा फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही कानड़ पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल धमाके के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर गैस टंकी फटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
सबसे राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मकान मालिक भी घटना के कारणों से अनभिज्ञ हैं। मौके पर मलबा हटाने का कार्य जारी है और आसपास लोगों की भीड़ जमा रही।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही धमाके के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। 
