दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेले का समापन हुआ

आगर मालवा 07 मार्च/कृषि विज्ञान केन्द्र आगर में आयोजित दो दिवसीय जिला कृषि विज्ञान मेले का समापन सत्र कलेक्टर  राघवेन्द्र सिंह के मुख्य अतिथ्य एवं संयुक्त संचालक आलोक कुमार मीना के विशेष आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उप संचालक, कृषि विभाग विजय चौरसिया द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत कर कार्यकम की रूपरेखा बताई, इसके पश्चात् कृषि वैज्ञानिकों ने कृषकों को खेती के आधुनिक तकनीकी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, खेती के साथ-साथ पशुपालन को अपनाकर खेती को लाभ का धन्धा बनाने हेतु मार्गदर्शन दिया। सर्वप्रथम प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द्र, आगर डॉ. ए.के. दीक्षित ने द्वितीय दिवस तकनीकी सत्र की विस्तृत जानकारी दी तथा किसानों से कहा कि मूल्य संवर्द्धन, विपणन से अधिक आय के स्त्रोत एवं कॉस्ट कल्टीवेशन को कम करके अधिक से अधिक आय के स्त्रोत बनाए। तकनीकी सत्र में सर्वप्रथम कृषि वैज्ञानिक डॉ. डी.के. श्रीवास्तव ने औषधिय फसलों के तकनीकी खेती एवं विपणन के संबंध में जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.पी.एस. शक्तावत ने कृषकों की आय दुगुना करने हेतु समन्वित खेती प्रणाली जैसे मछली पालन, दुग्ध उत्पादन, मुर्गी पालन आदि के महत्व पर प्रकाश डाला। कृषि वैज्ञानिक डॉ. के.एस. भार्गव ने वर्तमान खेती में कृषि यंत्रीकरण जैसे ड्रोन, सिंचाई पद्धति का महत्व बताया। पूर्व अधिष्ठाता डॉ. अशोक शर्मा ने ग्रीष्मकालीन फसल मूंग की नवीन प्रजातियां एवं कृषि कार्यमाला के बारे में बताया, कृषि वैज्ञानिक डॉ. महेन्द्र सिंह ने सोयाबीन के अधिक उत्पादन हेतु नवीन तकनीकी अपनाने पर जोर दिया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.एस. टेलर ने कृषि एक व्यवसाय के रूप में आय दुगुनी करने के सिद्धातों को बताया, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस.आर. दाधीच ने बकरी पालन को रोजगार के परिदृश्य से अपनाने को कहा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.के. श्रीवास्तव ने डेयरी व्यवसाय को लाभ का धंधा कैसे बनाये, संबंधी जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सविता कुमारी ने प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में अतिथियों ने उन्नत कृषक एवं उन्नत कृषि प्रदर्शनी के स्टॉलों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही उन्नतशील किसानों को ग्रीष्मकालीन फसल में बोने हेतु मूंग बीज वितरित किए । किसान मेले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत आगर  मोहन स्वर्णकार, किसान संघ के डूंगरसिंह सिसौदिया,  पीरूलाल कलसिया, मोहन नागर, राघू सिंह, बाबूलाल यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Agar Live