पुलिस अधीक्षक का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण |

अपराधियों की धरपकड़ के लिए रातभर कॉम्बिंग गश्त,थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा

आगर मालवा। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना द्वारा समस्त पुलिस अधीक्षकों एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों को 14-15 जून की मध्य रात्रि को रात्रि 12 बजे से प्रातः 5बजे के मध्य थानों का औचक निरीक्षण करने हेतु निर्देशित किया गया था। उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक आगर विनोद कुमार सिंह द्वारा थाना नलखेड़ा, थाना सुसनेर एवं थाना सोयत का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थानों में कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों की समीक्षा, ई-एफआईआर पद्धति, सीसीटीएनएस सिस्टम, थानों की स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अभिलेख संधारण, माइक्रो बीट प्रणाली तथा ऊर्जा डैशबोर्ड की स्थिति का परीक्षण किया गया। पुलिस कर्मियों से व्यक्तिगत संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना, आवश्यक निदान हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सुसनेर देवनारायण यादव एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा उपस्थित थे।अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा द्वारा थाना कोतवाली आगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, मालखाना, शिकायत शाखा, समंस वारंट शाखा, मर्ग व चालान स्थिति, रजिस्टर संधारण आदि का परीक्षण कर संबंधितों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सुसनेर देवनारायण यादव ने थाना सुसनेर एवं थाना नलखेड़ा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं अपराधों की स्थिति, बीट प्रणाली व अपराध विवेचना के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा अपराधों की रोकथाम हेतु कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त अभियान में अपराधियों, फरार वारंटियों, निगरानी बदमाशों, गुंडों की धरपकड़ पर विशेष बल दिया गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना कोतवाली आगर द्वारा दो स्थायी वारंट, थाना बड़ोद द्वारा एक स्थायी वारंट तथा थाना सुसनेर द्वारा एक स्थायी वारंट तामील करते हुए कुल चार स्थायी वारंट तामील किए गए।
एसपी विनोद कुमार सिंह द्वारा निरीक्षण एवं गश्त के दौरान सभी थाना प्रभारियों को निम्न प्रमुख बिंदुओं पर कार्य करने हेतु निर्देशित भी किया गया।

1- लंबित 420 IPC के प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण करें।

2- लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।

3- माइक्रो बीट प्रणाली को सक्रिय रखते हुए बीट भ्रमण कर जानकारी संधारित करें।

4- पुलिस अधीक्षक द्वारा निरीक्षण के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों की प्रशंसा भी की गई।

एसपी ने कहा कि यह औचक निरीक्षण एवं गश्त अभियान जिले में कानून व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है। साथ ही इससे क़ानून के प्रति जागरूक होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live