अखिल भारतीय चंद्रवंशी समाज की जगन्नाथ रथ यात्रा का नगर में जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत। |
कानड़। अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय खाती समाज के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ नगर में निकाली गई। यात्रा बोरखेड़ी रोड स्थित समाज की धर्मशाला से सुबह 9 बजे प्रारंभ हुई। यात्रा प्रारंभ करने के पूर्व भगवान जगन्नाथ की विधि-विधान से समाजजनों ने पूजन-अर्चन की और उन्हें रथ में विराजमान किया। रात को भी फूलों से रथ को सजाया गया था। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकली।
भगवान के रथ में विराजमान कर श्रद्धालु पूरे भक्ति भाव के साथ यात्रा में जय जगदीश हरे का जयघोष लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा में ढोल, बैंड-बाजे व डीजे पर समाज के युवा एवं युवतियां नाचते-गाते चल रहे थे।
समाजजन सफेद कुर्ता-पजामा व गले में केसरिया दुपट्टा बांधकर शामिल हुए। यात्रा को लेकर समाजजनों ने सुबह से ही प्रतिष्ठान बंद रखे थे। नगर में जगह जगह हुआ यात्रा का स्वागत रथ यात्रा में शामिल सभी लोगों का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। गोंदी चौराहा पर मुस्लिम समाजजनों ने सरोफा बांधकर स्वागत किया।
झंडा चौक पर विश्वकर्मा समाज के द्वारा स्वागत किया गया। दयानंद मार्ग पर दरबार सिंह आर्य आदि ने स्वागत किया। नगर में अन्य जगह सामाजिक, राजनीतिक व धार्मिक संगठनों ने स्वागत द्वार बना कर स्वागत किया। समाज के वरिष्ठजनों का सरोफा बांधकर और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। रथ यात्रा के आगे समाज के युवा पीली धोती पहने पूरे मार्ग की झाडू लिए सफाई करते हुए चल रहे थे। कुछ युवा और बालिकाएं दक्षिण भारत की वेशभूषा में रथ के साथ साथ चल रहे थे। बाहर से बुलाए कलाकार श्रीराधा-कृष्ण की वेशभूषा में नृत्य करते हुए कानड़, बाईगांव, बगावद, बोरखेड़ी, करजू, मोहना, बरनावद सहित आगर शाजापुर जिले के समाजजन उपस्थित थे।