ग्राम खेरिया में CCTV कैमरे लगाए, नशा मुक्ति अभियान के तहत चौपाल का आयोजन
आगर मालवा (खेरिया)।
जिले के ग्राम खेरिया में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए। इसके साथ ही “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस प्रशासन और ग्रामीणजन की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
इस चौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र बोयट, सीएसपी मोतीलाल कुशवाह, थाना प्रभारी कृष्णकांत तिवारी, एवं चौकी प्रभारी जोरावर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को नशे की लत के खतरनाक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से समझाया और उन्हें इससे दूर रहने की अपील की। युवाओं को अपराध, हिंसा और स्वास्थ्य हानि जैसे गंभीर परिणामों से अवगत कराते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मेहरबान सिंह , गांव के सरपंच गुमान सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं व युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता और ग्रामीण क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में इनकी भूमिका को लेकर भी चर्चा की गई।
चौपाल के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे न सिर्फ स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें और ग्राम स्तर पर एक सुरक्षित, संयमित और जागरूक समाज की स्थापना में सहयोग करें।
