रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया , बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, दीर्घायु की कामना की ।

 कानड़ – शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उमंग से मनाया गया। सुबह से ही बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधना शुरू कर दिया था। अधिकांश लोगों ने दोपहर डेढ़ बजे से शाम तक शुभमुहूर्त के अनुसार राखी बांधी।रक्षाबंधन को लेकर कई दिनों से सजे बाजारों में सुबह से ही रौनक दिखाई दी। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का यह त्योहार लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाता रहा । शनिवार सुबह से ही बहनों ने राखी और पूजन सामग्री की थालियां सजाना शुरू कर दिया। थालियों में रोली, कुमकुम, अक्षत, दीपक और आकर्षक राखियां रखी गईं। निर्धारित मुहूर्त में बहनों ने भाइयों को तिलक लगाया। उनके दाहिने हाथ पर राखी बांधी और आरती उतारी। मिठाई खिलाकर उन्होंने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की । भाइयों ने बदले में बहनों को रक्षा का संकल्प दिया। साथ ही दक्षिणा और मनपसंद उपहार भी भेंट किए। बाजारों में भी रक्षाबंधन का रंग जमकर बिखरा। मिठाई, उपहार और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इस पर्व की रौनक में डूबे नजर आए। जगह-जगह परिवारों के बीच मिलन का दौर चलता रहा।
शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी घर-घर रक्षाबंधन का उत्साह देखने को मिला। कई परिवारों में दूर-दराज रहने वाले भाई-बहन इस खास दिन के लिए घर लौटे। इससे मिलन का माहौल और भी खुशनुमा बन गया। रक्षाबंधन ने एक बार फिर भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और विश्वास की डोर को मजबूत किया। हर घर में प्रेम, अपनापन और उत्सव की खुशबू महसूस की गई। भाई-बहन के अटूट बंधन और स्नेह का प्रतीक यह त्योहार पूरे उत्साह से मनाया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live