आगर में शासकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र की बदहाल स्थिति उजागर ….!
बजरंग दल व विहिप कार्यकर्ताओं ने किया निरीक्षण, उठाए सवाल
आगर। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र में गायों की बदहाल स्थिति को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। मंगलवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता प्रजनन केंद्र पहुंचे, जहाँ की स्थिति देखकर वे आक्रोशित हो उठे।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रजनन केंद्र में मौजूद गायों की हालत अत्यंत चिंताजनक है। कई गायों को कीड़े खा रहे थे, वहीं उनके खाने के लिए जुलाई माह में खरीदा गया बुसा सड़ी-गली और खराब स्थिति में पड़ा मिला। इसके अलावा गायों के लिए बने शेड की समय पर सफाई नहीं की जा रही है और पशुओं को नियमित रूप से चारा भी उपलब्ध नहीं हो रहा।
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही और व्यवस्थाओं की अनदेखी के कारण गोवंश को अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर माहौल में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो इस मामले को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा।
बजरंग दल व विहिप ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रजनन केंद्र में तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, गोवंश को स्वच्छ भोजन और चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से लाखों रुपये का बजट इस तरह के केंद्रों के लिए स्वीकृत होता है, फिर भी यदि पशुओं को मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही है, तो यह गंभीर भ्रष्टाचार और अनदेखी का मामला है।
