बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत — समाधान योजना 2025-26” से मिलेगा बकाया बिलों पर सरचार्ज माफ का लाभ |
आगर जिले में 76 हजार से अधिक उपभोक्ता होंगे लाभान्वित,
12 करोड़ 18 लाख रुपये का सरचार्ज होगा माफ
आगर मालवा। दारा सिंह आर्य। राज्य सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए समाधान योजना 2025-26 लागू की है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिलों पर लगने वाले भारी सरचार्ज को माफ किया जाएगा। योजना का लाभ पूरे प्रदेश के लगभग 90 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा।
आगर विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षक रत्नेश अयाची ने बताया कि आगर जिले के हजारों उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। जिले में कुल 76,476 उपभोक्ता योजना के दायरे में आएंगे, जिनका करीब 12 करोड़ 18 लाख रुपये का सरचार्ज माफ किया जाएगा।
योजना की मुख्य विशेषताएं
राज्य सरकार ने इस योजना के माध्यम से प्रदेशभर के उपभोक्ताओं को लगभग 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक का सरचार्ज माफ करने का निर्णय लिया है। उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान करने पर अधिकतम छूट प्राप्त कर सकेंगे, साथ ही 6 किश्तों में भुगतान की सुविधा भी दी जाएगी। योजना को पारदर्शी, त्वरित और उपभोक्ता हितैषी तरीके से लागू किया जा रहा है।
योजना की अवधि एवं चरण
प्रथम चरण- 3 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 तक — 60प्रति से 100प्रति तक सरचार्ज माफ
द्वितीय चरण- 1 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक — 50प्रति से 90प्रति तक सरचार्ज माफ
जिले में भी व्यापक असर
आगर जिले के घरेलू, कृषक एवं लघु उद्योग वर्ग के हजारों उपभोक्ताओं को इस योजना से सीधी राहत मिलेगी। लंबे समय से बकाया बिलों पर ब्याज और सरचार्ज के बोझ से परेशान उपभोक्ताओं के लिए यह योजना एक बड़ा अवसर लेकर आई है।
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जिलेभर में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ता आसानी से योजना में शामिल होकर अपना बकाया निपटा सकें।
अधिकारियों की अपील
विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षक रत्नेश अयाची ने जिले के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं। योजना की समयसीमा के भीतर अपने बकाया बिलों का भुगतान कर स्थायी राहत प्राप्त करें।
