कानड़ में धूमधाम से निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस !
भव्य स्वागत, जगह-जगह हुआ मिठाई व खीर का वितरण
कानड़। शुक्रवार को नगर में जश्ने-ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस अवसर पर मुस्लिम समाजजनों ने जुलूस निकालकर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। सुबह सारंगपुर रोड स्थित मंत्री कॉलोनी से जुलूस की शुरुआत हुई, जिसमें मुख्य रूप से शहर काजी सरफराज अली सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मनिहार मोहल्ला स्थित औलिया मस्जिद, माताजी चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर पहुंचा। जहां-जहां जुलूस गुजरा, वहां समाजजनों, गणमान्य नागरिकों एवं संगठनों ने भव्य स्वागत किया।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि बाबूलाल बिजापारी, ओम पालीवाल, नारायण सिंह बिजापारी, डॉ. देवनारायण गौड़, मुकेश केलकर, गोपाल बिजापारी, बनेसिंह चौहान, जितेंद्र शर्मा, शंकर कुमरावत आदि ने शहर काजी सरफराज अली सहित समाजजनों का स्वागत किया। इसी तरह एलएस चौराहे पर सिद्धनाथ चौधरी ने स्वागत किया, वही आर्य समाज मंदिर के समाने पार्षद दरबारसिंह आर्य, अनवर खान,नप उपाध्यक्ष राजेश डीलर, ईश्वर सिंह सुरजनी, गौरीशंकर सूर्यवंशी सहित अन्य ने सरोपा बांधकर स्वागत किया।
नूरानी मस्जिद क्षेत्र में शादाब अंसारी, अनस शिशगर, अयान शाह, अल्फेज पठान ने मिठाई वितरण किया। माताजी चौराहे पर रज़ाक अजमेरी व बाबू खां अजमेरी ने स्वागत किया। वहीं गोंदी चौराहे पर सय्यद परिवार के सदस्यों — नासीर अली, मुशर्रफ हुसैन, सलीम हुसैन, असलम शिशगर, मुबारिक पठान आदि ने स्वागत करते हुए केले का वितरण किया।
लवकुश मित्र मंडल के सदस्यों ने भी जुलूस में शामिल समाजजनों को सरोपा पहनाकर सम्मानित किया। जुलूस का समापन ख्वाजा दरगाह पर हुआ, जहां खीर वितरण कर समाजजनों ने खुशियां साझा कीं।
जामा मस्जिद, नूरानी मस्जिद, औलिया मस्जिद व कॉलोनी मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद देश में अमन-शांति और समृद्धि के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
