आदि शक्ति पर्व : लोकगायन, नृत्य और भक्ति रस से गूंजा माँ बगलामुखी मंदिर परिसर

 

आगर-मालवा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर संस्कृति विभाग, म.प्र. शासन द्वारा सोमवार की शाम 6.30 बजे से नलखेड़ा स्थित माँ बगलामुखी मंदिर परिसर में प्रदेश स्तरीय “शक्ति पर्व” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोकगायन, भक्ति गीत और नृत्य नाटिका की भव्य प्रस्तुतियों ने माँ आदि शक्ति के स्वरूपों का वर्णन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत आगर मालवा की लोकगायिका रागिनी मालवीय के लोकगायन से हुई। उन्होंने बाकी-बाकी सूंड से आया हो गजानंद… गीत से प्रस्तुति का आगाज किया। इसके बाद देवी भक्ति से ओतप्रोत गीतों—ऊँचा मंदिर बैठी मैया उड़े लाल धजा हो म्हारी बगलामुखी देवी माँ…, प्यारी लागे हो बड़ी प्यारी लागे म्हारी अम्बे माँ की चुनरी या लाल रंग की… से लेकर जग की रखवाली करने वाली जगदंबे मैया… तक गाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

 

इसके पश्चात नटराज अकादमी, भोपाल के कलाकारों ने माता के नौ रूपों पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। नाट्य प्रस्तुति में रक्तबीज वध की कथा को जीवंत किया गया। कलाकारों ने भाव, संगीत और नृत्य के माध्यम से दर्शाया कि कैसे माँ दुर्गा ने काली का रूप धारण कर रक्तबीज का अंत किया और बुराई पर अच्छाई की विजय सुनिश्चित की। प्रस्तुति में सेमी क्लासिकल और फ्री स्टाइल डांस फॉर्म का सुंदर समावेश दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया।

 

अंतिम प्रस्तुति इंदौर के भजन गायक संतोष अग्निहोत्री और उनके साथियों ने दी। उन्होंने गणेश वंदना नमस्कार गौरी सुत महादेव नंदन… से शुरुआत कर संकट में तुम रखो लाज हमारी…, दयानी भवानी…, विद्यादानी भवानी… जैसे भक्ति गीतों से भक्तों को भावविभोर किया। देवी भजनों और संकीर्तन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

कार्यक्रम में एसडीएम सर्वेश यादव, एसडीओपी देव नारायण यादव, थाना प्रभारी नागेश्वर यादव, नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित आदि शक्ति पर्व की सराहना की और इसे माँ बगलामुखी धाम की आस्था से जुड़ा अविस्मरणीय आयोजन बताया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live