सड़कों पर गायों का झुंड बना हादसों का कारण, जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ रहा खतरा !

कानड़। नगर की मुख्य सड़कों पर शाम ढलते ही गायों के झुंड का जमावड़ा आम नज़ारा बन चुका है। खासतौर पर मुख्य बाजार क्षेत्र में दर्जनों मवेशी सड़क के बीचोंबीच बैठ जाते हैं, जिससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अक्सर दोपहिया वाहन चालक इनसे टकराते-टकराते बचते हैं, वहीं राहगीरों को भी सड़क पार करना किसी चुनौती से कम नहीं रहता।

दुकानदारों ने भी सड़क पर दुकानों के बाहर तक अपना सामान फैला रखा है, जिससे मार्ग और संकरा हो गया है। ऐसे में एक ओर सड़क पर बैठी गायें और दूसरी ओर फैला दुकान का सामान , बीच से निकलना किसी जाल से गुजरने जैसा हो जाता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद और जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

एक राहगीर ने बताया,गायों को सड़क से हटाने की जिम्मेदारी कोई नहीं लेता। जब दुर्घटना होती है तो दोष वाहन चालक को दे दिया जाता है। जबकि असल कारण अव्यवस्था है।
नगर परिषद मवेशियों को सड़क से हटाने के लिए ठोस व्यवस्था करे, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले हालात सुधर सकें। साथ ही दुकानदारों को भी नियमों के अनुसार दुकान की सीमा में ही सामान रखने की हिदायत दी जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live