स्वर्ण पदक विजेता सानवी राठौड़ का आगर में भव्य स्वागत , जिले का बढ़ाया गौरव — दिल्ली में करेंगी प्रतिनिधित्व

 

आगर मालवा। विद्या भारती के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आगर मालवा की छात्रा सानवी राठौड़ ने अखिल भारतीय स्तर पर आगर जिले का नाम रोशन किया है। ग्वालियर में 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में सानवी ने राजस्थान की प्रतिद्वंद्वी को हराते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

 

बुधवार को सानवी राठौड़ और उनकी कोच सविता उनियारा के आगर आगमन पर बस स्टैंड पर पुष्पमालाओं, ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। स्वागत जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ विद्यालय पहुंचा, जहां सानवी का विद्यालय परिवार, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सम्मान व अभिनंदन किया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष प्रमोद मूले, सचिव संदीप ननवाना, सहसचिव अनिल गवली, कोषाध्यक्ष राकेश मारू, सदस्य जगदीश सोनी, प्राचार्य मुकेश पाटिल, प्रधानाचार्य पवन विश्वकर्मा सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

 

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य कृष्णपाल सिंह चौहान ने किया, जबकि खेल शिक्षक राहुल प्रजापति ने बताया कि सानवी राठौड़ आगामी 1 जनवरी को दिल्ली में एसजीएफआई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में विद्या भारती मालवा का प्रतिनिधित्व करेंगी।

 

कार्यक्रम में देवास में आयोजित क्षेत्रीय मानस प्रथमाक्षरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएँ — शैलजा बैरागी, श्रद्धा राठौर और नंदनी जैन — का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की जानकारी अरविंद सक्सेना ने दी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live