नो पॉलिथीन-नो सिंगल यूज़ प्लास्टिक’ अभियान के तहत नगर पालिका द्वारा स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित |
आगर मालवा |
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उद्देश्यों की प्राप्ति तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नगर में विशेष “स्वच्छता अभियान’’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष ,निलेश जैन पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशल सिंह दोडवे, पार्षद प्रतिनिधि जगदीश गवली,रानुराज नरवाल, योगेश योगी, स्वच्छता निरीक्षक बसंत दुलगज तथा नगरपालिका कर्मचारी सहित स्वच्छता कार्य में संलग्न संस्था एस. के. वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज की पूरी टीम की सक्रिय भागीदारी रही।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, बाजार क्षेत्रों और आवासीय इलाकों में स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया गया। पॉलिथीन दानव एवं टेडी वेयर के माध्यम से नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। टीम ने बाजारों में भ्रमण कर व्यापारियों व दुकानदारों को पॉलीथिन का उपयोग न करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की समझाइश दी। आम जनता को कपड़े और कागज के बैग उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
निकाय ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने में सहयोग करें तथा स्वच्छता को दैनिक आदत बनाकर एक स्वस्थ और स्वच्छ आगर के निर्माण में सहभागिता निभाएँ।
