नववर्ष 2026 पर आगर मालवा पुलिस की विशेष एडवाइजरी जारी
शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में सख्त इंतजाम
आगर मालवा। नववर्ष 2026 के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में जिला आगर मालवा पुलिस द्वारा आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा नववर्ष के दौरान जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए पुलिस बल की पूर्ण सतर्कता के साथ तैनाती की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं मर्यादित ढंग से मनाएं और कानून का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली पोस्ट, टिप्पणी या सामग्री साझा करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल संज्ञान लिया जाएगा।
यातायात नियमों का सख्ती से पालन जरूरी
पुलिस ने लोगों से तेज गति से वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। नववर्ष के दौरान ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
हथियार और ध्वनि प्रदूषण पर प्रतिबंध
नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार लेकर चलना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम बजाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पिकनिक स्थलों और जलाशयों पर विशेष सतर्कता
पुलिस ने पिकनिक स्थलों, नदी, डैम एवं जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचने और बच्चों एवं युवाओं पर विशेष निगरानी रखने की अपील की गई है।
छात्रों और युवाओं से अनुशासन की अपील
छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से अनुशासित आचरण बनाए रखने, छात्रावासों एवं सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह
बाजार, मॉल, पार्क, होटल और रेस्टोरेंट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
आपात स्थिति में करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 अथवा नजदीकी थाना से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है। साथ ही अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
नववर्ष के दौरान जिलेभर में सतत पेट्रोलिंग, फिक्स पिकेट, चेकिंग पॉइंट और निगरानी व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू रहेगी, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में नववर्ष मना सकें।
पुलिस की अपील
जिला आगर मालवा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष 2026 को शांति, संयम, सौहार्द एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं और पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।
