क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर, विधायक मधु गहलोत व भाजपा जिला अध्यक्ष के प्रति जताया आभार
तनोड़िया। क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पेयजल और सिंचाई की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा हड़ाई डैम निर्माण के लिए 24 करोड़ 48 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
तनोड़िया एवं आसपास के गांवों में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी। हड़ाई डैम निर्माण की मांग क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई वर्षों से की जा रही थी। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान भी ग्रामीणों द्वारा लगातार यही मांग उठाई जाती रही, लेकिन पूर्व में यह मांग पूरी नहीं हो सकी।
विधानसभा चुनाव के दौरान भी ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक मधु गहलोत के समक्ष हड़ाई डैम निर्माण की मांग रखी थी। विधायक गहलोत द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट से लगातार मुलाकात कर डैम निर्माण के लिए प्रयास किए गए तथा विधानसभा में भी प्रश्न उठाए गए।
मंगलवार को जैसे ही सोशल मीडिया के माध्यम से हड़ाई डैम स्वीकृति का पत्र जारी होने की जानकारी सामने आई, वैसे ही क्षेत्रवासियों में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया।
तनोड़िया भाजपा मंडल महामंत्री सतपाल सिंह चुंडावत ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान दिवस के अवसर पर प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों और ग्रामीणों को बड़ा तोहफा दिया है। हड़ाई डैम के निर्माण से तनोड़िया क्षेत्र के आसपास के गांवों को सिंचाई एवं पेयजल की सुविधा मिलेगी। क्षेत्र को लंबे समय से सूखाग्रस्त माना जाता रहा है, ऐसे में यह डैम क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा।
इस अवसर पर भाजपा तनोड़िया मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. राहुल जैन, जिला सह-कोषाध्यक्ष महेश मित्तल, एलकार सिंह सोलंकी, पंकज मित्तल, मनीष सोनी, गिरीश परमार, महिपाल सिंह राठौड़, बलराम सिंह, कालू यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय एवं क्षेत्रीय विधायक मधु गहलोत के प्रति आभार व्यक्त किया।