कानड़। रविवार को आगर एसपी विनोद कुमार सिंह ने कानड़ में कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लेने के लिए थाना परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में साफ-सफाई अन्य व्यवस्थाओं को देखा तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए एसपी ने थाना प्रभारी आर.के. दांगी से सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और अफवाहों पर त्वरित नियंत्रण की हिदायत दी।
निरीक्षण के बाद एसपी सिंह ने थाने से पैदल मुख्य मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर सड़क सुरक्षा नियमों की
जानकारी दी और हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दो बाइक सवारों को स्वयं अपनी ओर से हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। एसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और हेलमेट जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण साधन है।
इसके पश्चात एसपी दिन में हुए गीजर ब्लास्ट की घटना स्थल पर पहुंचे और मकान मालिक से पूरी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की बारीकी से जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
एसपी ने किए दर्शन,,,
निरीक्षण के दौरान एसपी विनोद कुमार सिंह थाना परिसर स्थित अति प्राचीन हनुमान मंदिर में भी पहुंचे, जहां उन्होंने पवन पुत्र हनुमान जी के दर्शन कर क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा की कामना की। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
