धनतेरस पर बाजार में बरसा धन, कानड़ में दिखी खरीदी की रौनक |

कानड़। धनतेरस पर्व पर शनिवार को नगर के बाजारों में खूब रौनक रही। सुबह से ही खरीदारों की भीड़ दुकानों पर उमड़ पड़ी। लोगों ने शुभ मुहूर्त में सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स व कपड़ों की जमकर खरीदी की। नगर के मुख्य बाजार, सराफा गलियां, कपड़ा बाजार और जनरल स्टोर्स पर ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आईं।

त्योहार के शुभ अवसर पर हर वर्ग के लोगों ने अपनी-अपनी सामर्थ्य अनुसार खरीदी की। किसी ने चांदी का सिक्का खरीदा तो किसी ने नया बर्तन या गृह उपयोगी वस्तु। ज्वेलरी शॉप्स पर महिलाओं की भीड़ दिनभर बनी रही, वहीं कपड़ा दुकानों में दीपावली के लिए नए परिधानों की मांग बढ़ गई।

बाजार में सजे-धजे शो-रूम, झिलमिलाती लाइटें और सजावट ने पूरे नगर को उत्सवमय बना दिया। दुकानदारों ने बताया कि पिछले सालों की तुलना में इस बार बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। छोटे व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी झलकती नजर आई।

दीपावली पर्व की तैयारी के बीच धनतेरस ने नगरवासियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। हर ओर उत्साह, उमंग और खुशहाली का माहौल बना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live