बड़ोद में होली की रौनक, बाजारों में रंग-गुलाल और पिचकारियों की धूम

 

बड़ोद। रंगों के पर्व होली को लेकर नगर में उत्साह चरम पर है। मुख्य बाजार सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर इन दिनों रंग-बिरंगे गुलाल, आकर्षक पिचकारियों और होली के विविध सामान से सजी दुकानें ग्राहकों को लुभा रही हैं। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है और पूरा नगर त्योहार की उमंग में रंगा नजर आ रहा है।

दुकानदार राकेश जैन, कालूराम और जमीन भाई ने बताया कि इस वर्ष प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। लोग त्वचा के लिए सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल गुलाल को प्राथमिकता दे रहे हैं। रासायनिक रंगों की अपेक्षा हर्बल गुलाल की बिक्री अधिक हो रही है।

बच्चों में भी होली को लेकर खासा उत्साह है। बाजारों में ‘राफेल’ नाम की पिचकारी ट्रेंड में है, वहीं कार्टून थीम आधारित पिचकारियां और पानी की टंकियां भी बच्चों को आकर्षित कर रही हैं। अलग-अलग आकार और डिजाइन की पिचकारियों की भरमार से बाजार रंगीन दिखाई दे रहे हैं।

ग्रामीण अंचलों में प्रचलित मिठाई से बनी माला और तलवार (खांडी) भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिनकी अच्छी बिक्री हो रही है। परंपरागत वस्तुओं की मांग बढ़ने से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। लोग परिवार के साथ खरीदारी का आनंद ले रहे हैं और त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं।

नगर के विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों पर होलिका दहन की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। लकड़ियां एकत्रित कर होली सजाई जा रही है। कुल मिलाकर बड़ोद में होली की रौनक देखते ही बन रही है और पूरा नगर रंगों के इस पावन पर्व के स्वागत के लिए तैयार नजर आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live