आगर मालवा। जिले के बडौद नगर में डग रोड स्थित कृषि उपज मंडी के सामने पुलिस और बंजारा समाज के लोगों के बीच गाड़ियों की टक्कर को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में बढ़कर विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और अभद्र व्यवहार किया गया। महिलाओं का कहना है कि उन्हें धक्का-मुक्की कर मारा भी गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में लोगों और पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
थाना प्रभारी रूप सिंह बेस ने बताया कि एक आरक्षक थाने से खाना खाकर वापस जा रहा था। इसी दौरान डग रोड स्थित कृषि उपज मंडी के सामने बंजारा समाज के लोगों की गाड़ी से टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ विवाद हुआ था। मौके पर पहुंचकर समझाइश दी गई और मामला शांत करा दिया गया।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच चर्चा चल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
