तीन दिन की ड्यूटी के बाद पुलिस लाइन में मनी “पुलिस की होली”, रंग-गुलाल और डीजे पर झूमे अधिकारी-कर्मचारी

 

आगर मालवा।

होली पर्व के दौरान तीन दिन तक लगातार कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के बाद शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में “पुलिस की होली” मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी भाईचारे के साथ रंग-गुलाल लगाकर होली का उत्सव मनाया। डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और जवान जमकर थिरके, वहीं फायर ब्रिगेड द्वारा पानी की बौछार कर माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर लगातार तीन दिनों तक ड्यूटी करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का यह उत्साह बताता है कि हर परिस्थिति में स्वयं को ढालने की क्षमता पुलिसकर्मियों में है और वे किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा, एसडीओपी सुसनेर देवनारायण यादव सहित अन्य अधिकारियों और जवानों ने गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह भी पुलिसकर्मियों के साथ डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए, जिसे सभी ने खूब सराहा।

समारोह में कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी केसर सिंह राजपूत सहित शहर के सभी थाना प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय व पुलिस लाइन के 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी रक्षित निरीक्षक जगदीश यादव ने आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live