रंगपंचमी का पर्व आगर जिले में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न ड्रोन-सीसीटीवी निगरानी और कड़ी पुलिस व्यवस्था से सफल रहा गैर आयोजन

दारा सिंह आर्य

आगर मालवा। जिलेभर में रंगपंचमी का पर्व इस वर्ष हर्षोल्लास, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पारंपरिक गैर (जुलूस) निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर रंग-गुलाल से एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में जिले के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और गैर के मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जिलेभर में करीब 550 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहे। उनकी सतर्कता और लगातार गश्त के कारण पूरे जिले में शांति एवं व्यवस्था बनी रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

गैर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों की वीडियोग्राफी करवाई गई। साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों व संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी रखी गई, जिससे स्थिति पर लगातार नियंत्रण बनाए रखा गया।

रंगपंचमी गैर के शांतिपूर्ण समापन के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट ने ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की डिब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों की सतर्कता और बेहतर समन्वय की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

 

महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान

 

 

इसी अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने जिला पुलिस की महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति और संवेदनशीलता का प्रतीक हैं तथा पुलिस विभाग में महिला कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने में भी अहम योगदान दे रही हैं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर उनके ड्यूटी अनुभव भी सुने और उन्हें आत्मविश्वास, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

जिला पुलिस आगर मालवा ने आमजन से अपील की है कि वे आगे भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नागरिकों के सहयोग और पुलिस की सतर्कता के कारण ही जिले में रंगपंचमी का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सका।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live