आगर-मालवा, 20 नवम्बर/कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बुधवार को राजस्व महाभियान-3 अन्तर्गत ग्राम गुराड़िया बड़ौद में पटवारी द्वारा किये जा रहे बी-1 वाचन कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कृषकों से संवाद कर राजस्व महाभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि शासन द्वारा किसानों के लिये एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में फार्मर रजिस्ट्री की शुरुआत की गयी है। इस प्रणाली के तहत प्रत्येक किसान का एक विशिष्ट किसान आई.डी/फार्मर आई.डी बनाया जायेगा, जिसका उद्देश्य किसान की पहचान एवं उनकी जानकारी को सुरक्षित रखना है। फार्मर रजिस्ट्री कृषकों को कृषि उत्पादों का सुविधाजनक वितरण तथा राज्य की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिलेगा। कलेक्टर ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री से कृषकों को किसान क्रेडिट की राशि ऑनलाईन आवेदन करने पर आधे घंटे के अंदर उनके खातों में जमा हो जाती है। फार्मर रजिस्ट्री करवाने के लिए कृषक का आधार कार्ड, समग्र आईडी, आधार से लिंक मोबाइल नंबर एवं ऋण पुस्तिका आवश्यक है।
तहसील कार्यालय बड़ौद का निरीक्षण
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय बड़ौद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) किरण बरवडे, उप संचालक कृषि विजय चौरसिया, तहसीलदार बडौद भंवर सिंह चौहान, नायब तहसीलदार झोंटा उपस्थित रहे।