ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की तत्परता से घायल हिरन शावक का सफल उपचार
आगर मालवा, । अरियंत कॉलोनी, आगर में एक हिरन का लगभग 2 से 3 महीने का शावक आवारा कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो जाने की ग्रामीण द्वारा सूचना देने पर वन विभाग आगर द्वारा तत्परता से हिरण शावक का संरक्षण में लेकर सफल उपचार किया गया।
हिरण घायल होने की सूचना मिलते ही रेंजर लक्ष्मीनारायण चौधरी स्वयं मौके पर पहुंचे, साथ में उपवन क्षेत्रपाल मयंक श्रीवास्तव, वनरक्षक पदम परमार एवं गोविन्द शर्मा तथा चौकीदार बालकृष्ण भी उपस्थित रहे। टीम ने घायल हिरण को सुरक्षित रूप से अपने संरक्षण में लिया।घायल शावक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल पशु चिकित्सक डॉ. अरविंद महाजन को बुलाया गया, जिन्होंने मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया। वर्तमान में शावक की स्थिति स्थिर है और उसे आगे की चिकित्सा एवं देखभाल हेतु वन विभाग के रेस्क्यू सेंटर में रखा गया है।
वन विभाग ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित सूचना देने हेतु आभार प्रकट करता है और आमजन से अपील करता है कि किसी भी वन्य प्राणी से संबंधित घटना की जानकारी तुरंत निकटतम वन विभाग कार्यालय को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
