वन विभाग ने ग्रामीणों को समझाईश देकर वन भूमि से कब्जा हटवाया |

आगर-मालवा | वन विभाग को वन भूमि के रूप में आवंटित ग्राम खेड़ा चौहान बड़ौद तहसील स्थित शासकीय भूमि, सर्वे क्षेत्रफल 69.15 हेक्टेयर, पर अवैध तरीके से किये जा रहे कब्जे को वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा मौके पर ग्रामीणों को समझाईश देकर कब्जा हटवाया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम खेड़ा चौहान बड़ोद तहसील स्थित शासकीय भूमि, सर्वे क्षेत्रफल 69.15 हेक्टेयर, को जिला कलेक्टर द्वारा वन विभाग को वनभूमि के रूप में आवंटित किया गया था। उक्त भूमि पर वन विभाग द्वारा विधिवत कब्जा प्राप्त किया गया था। गत दिवस वन विभाग ग्राम खेड़ा चौहान के निवासियों द्वारा उक्त वन भूमि पर अवैध रूप से ट्रैक्टर के माध्यम से जुताई कर खेती का प्रयास करने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और ग्राम सरपंच तथा वरिष्ठ ग्रामीणजनों के सहयोग से मौके पर उपस्थित नागरिकों को समझाइश दी गई। ग्रामीणों ने वन विभाग की बात को गंभीरता से लिया और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर वन भूमि से हट गए।
वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने बताया कि इस कार्यवाही में किसी प्रकार के बल प्रयोग की आवश्यकता नहीं पड़ी, यह एक सकारात्मक उदाहरण है कि जनसहयोग से किस प्रकार संवेदनशील कार्यवाही शांतिपूर्वक संपन्न की जा सकती है। उन्होंने बताया कि अब उक्त भूमि का सीमांकन पुनः सुनिश्चित किया गया है तथा चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। वन विभाग आम नागरिकों से अपील करता है कि वे शासकीय/वन भूमि पर अतिक्रमण से बचें एवं वन संरक्षण में सहयोग करें। यदि किसी को भ्रम या जानकारी की आवश्यकता हो तो वे निकटवर्ती वन कार्यालय से संपर्क करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live