आगर जिले पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में मंगलवार को जिला पुलिस लाइन में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया |
आगर मालवा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में मंगलवार को जिला पुलिस लाइन में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट द्वारा परेड का निरीक्षण कर सलामी ली गई। निरीक्षण उपरांत बेहतर वेशभूषा एवं अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। जवानों ने अनुशासित ढंग से कदमताल व शस्त्र अभ्यास प्रस्तुत करते हुए अपनी शारीरिक दक्षता एवं सजगता का परिचय दिया। परेड का संचालन सूबेदार जगदीश यादव एवं सूबेदार जितेन्द्र शुक्ला द्वारा किया गया।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा एमटी (मोटर ट्रांसपोर्ट) परेड ली जाकर वाहनों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने प्रत्येक थाने व चौकी के वाहनों में मौजूद सुरक्षा उपकरणों पीए सिस्टम, सायरन, बलवा नियंत्रण सामग्री, आंसू गैस, प्राथमिक उपचार किट, ढाल, हेलमेट आदि की भौतिक उपस्थिति व क्रियाशीलता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से प्रत्येक वाहन में उपलब्ध हों, जिससे किसी भी आपात स्थिति से कुशलतापूर्वक निपटा जा सके। एसपी ने यह भी कहा कि थानों और चौकियों को निर्देशित किया गया है, कि इन सभी संसाधनों का समय-समय पर परीक्षण कर उनकी उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।
एमटी परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया गया जिसमें मातृकुंज वाटिका, पार्किंग क्षेत्र, शस्त्रागार और व्यायामशाला (जिम) का निरीक्षण सम्मिलित रहा। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, वृक्षों की देखरेख, जल प्रबंधन और उपकरणों के समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि लाइन परिसर की स्वच्छता और सुव्यवस्था से जवानों की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों प्रभावित होते हैं, अतः सभी व्यवस्थाओं को उच्चतम मानकों पर बनाए रखा जाए
इस परेड एवं निरीक्षण अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा, रक्षित निरीक्षक सपना परमार, थाना नलखेड़ा प्रभारी नागेश यादव, थाना बड़ौद प्रभारी कृष्णकांत तिवारी, थाना कानड़ प्रभारी राजकुमार दांगी, थाना सुसनेर प्रभारी केसर सिंह राजपूत, थाना सोयत प्रभारी रामगोपाल वर्मा, सूबेदार स्टेनो मुख्तियार खान एवं रविंद्र ओझा सहित पुलिस लाइन, थानों एवं चौकियों के 100 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
