जिले की सड़कों से तीन दिन में झाड़ियां हटाएं – कलेक्टर प्रीति यादव |

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए आवश्यक निर्देश

आगर-मालवा। कलेक्टर प्रीति यादव ने मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सभी सड़कों से झाड़ियां हटाने का कार्य आगामी तीन दिवस में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए नेशनल हाईवे से जुड़ी सभी सड़कों पर झाड़ियां हटाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। साथ ही मुख्य मार्गों और कनेक्टिंग स्थलों पर स्पीड ब्रेकर व संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां नए स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं, और नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए की गई सभी कार्यवाहियों की जानकारी आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, सीएमएचओ डॉ. दिनेश देहलवार, सीएसपी मोतीलाल कुशवाह, पीडब्ल्यूडी के कुलदीप चंद्रवंशी, एमपीआरडीसी एवं एनएचआई के प्रसन्न मिश्रा, यातायात प्रभारी जगदीश यादव, अंकित श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षा उपाय और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस, परिवहन और यातायात विभाग संयुक्त रूप से समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्कूली बसों की फिटनेस, दस्तावेज़ एवं संचालन की जांच के लिए संयुक्त टीम गठित करने तथा सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करवाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल स्टाफ और छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने को कहा।

कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को बस चालकों एवं परिचालकों का नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को शीघ्र अस्पताल ले जाए।

राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार करें

कलेक्टर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को ‘गोल्डन अवर’ में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्तियों को ‘राहवीर योजना’ के तहत 25,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह योजना सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार दिलाने के उद्देश्य से संचालित है। जिले में इस योजना के लिए नागरिक एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह (मो. 9039753108) से संपर्क कर सकते हैं।

कैशलेस उपचार योजना से मिलेगा त्वरित इलाज

सीएमएचओ डॉ. दिनेश देहलवार ने बताया कि कैशलेस उपचार योजना के अंतर्गत राज्य सरकार सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के उपचार पर अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की राशि वहन करती है।
जिले में यह सुविधा निम्न अस्पतालों में उपलब्ध है –

कनेक्टेड केयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, आगर

नवजीवन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर

रामकृष्ण हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर
एक ओर अन्य अस्पताल को सुविधा हे।

कलेक्टर ने इन योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के समय तत्काल सहायता के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही बस स्टैंड के सामने मालीखेड़ी रोड पर बैंक एवं फाइनेंस कंपनियों के सामने पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live