भाजपा ग्रामीण मंडल में SIR विशेष गहन पुनरीक्षण पर कार्यशाला आयोजित
आगर मालवा। भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल आगर की ओर से गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला मंत्री प्रेम यादव, मंडल महामंत्री कैलाश चिरोलिया एवं मीडिया प्रभारी हरिनारायण यादव मंचासीन रहे।
मतदाता सूची को शुद्ध व पारदर्शी बनाने का अभियान
बैठक में SIR विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित लोगों तथा फर्जी या दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं के नाम हटाने पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, स्वच्छ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला अध्यक्ष ओम मालवीय ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्रत्येक मतदाता को अपना परिगणना फॉर्म भरकर बीएलओ को समय पर जमा कराना अनिवार्य है, अन्यथा नाम मतदाता सूची से वंचित रह सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पुनः पंजीकरण के लिए मतदाता दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो खिंचवाएं, जिनका बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए।
संचालन एवं आभार
कार्यशाला का संचालन नारायण सिंह बगाना ने किया, जबकि आभार मंडल महामंत्री कैलाश चिरोलिया ने व्यक्त किया। बैठक में चंद्रसिंह यादव, ओम यादव, अर्जुन गुर्जर, घनश्याम सूर्यवंशी सहित ग्रामीण मंडल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला की जानकारी मीडिया प्रभारी हरिनारायण यादव ने दी।
