साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन, 112 आवेदन प्राप्त |
आगर मालवा |
कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। अपर कलेक्टर आरपी वर्मा ने जनसुनवाई में आए आवेदकों से आवेदन प्राप्त करते हुए निराकरण योग्य आवेदनों का अधिकारियों से मौके पर निराकरण करवाया तथा शेष आवेदन समय सीमा में निराकरण के लिए अधिकारियों को सौंपे। जनसुनवाई में कुल 112 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े, प्रेमनारायण परमार द्वारा भी आवेदकों से आवेदन प्राप्त किए गए।
जनसुनवाई में ग्राम गरबड़ा के ग्रामीणों ने गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने हेतु आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गौशाला के समीप शासकीय गोचर भूमि पर गांव के अनावेदक व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण कर रखा है। जिससे गायों को चरने की भूमि नहीं बची है। अपर कलेक्टर ने तहसीलदार बडौद को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
ग्राम जयसिंहपुरा के विक्रम सिंह ने अज्ञात कारणों से जलकर नष्ट हुई गेहूं फसल की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करवाने हेतु आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि 13 मार्च 2025 को थ्रेशिंग के लिए खेत में एकत्रित की गई गेहूं फसल में अज्ञात कारणों से आग लग जाने से फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई थी। जिसका हल्का पटवारी द्वारा मौका पंचनामा भी बनाया गया था। जिसकी क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त नहीं होने से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करवाई जाए। अपर कलेक्टर ने तहसीलदार बड़ौद को आवेदन निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम डोंगरगांव निवासी मांगीबाई ने रास्ता रोकने को लेकर आवेदन दिया। आवेदिका ने बताया कि कृषि भूमि पर आने जाने के एकमात्र शासकीय रास्ते को अनावेदक लक्ष्मीनारायण पाटीदार द्वारा तार फेंसिंग कर बंद कर दिया गया है। रास्ता खुलवाया जाए। अपर कलेक्टर में तहसीलदार सुसनेर को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम कसाई देहरिया के छोटू गुर्जर ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित कसाई देहरिया के प्रबंधक द्वारा अवैध ऋण दर्ज करने पर आवेदन दिया गया। आवेदक ने बताया कि उक्त सहकारी संस्था में कृषि खाता है, जिस पर किसी प्रकार का ऋण नहीं लिया और खाद बीज भी नहीं लिए, इसके बावजूद प्रबंधक द्वारा चार लाख पांच हजार रुपए का ऋण दर्शाया गया है। अपर कलेक्टर ने उपायुक्त, सहकारिता विभाग को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
