गोपाल व्यास
तनोड़िया (आगर)। नगर में अवैध गतिविधियों का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। सूत्रों के अनुसार पुलिस की मिलीभगत के आरोपों के बीच अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा का धंधा खुलेआम संचालित हो रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन अवैध कारोबारियों को पुलिस का कोई भय दिखाई नहीं देता।
स्थानीय सूत्र बताते हैं कि पुलिस को इन गतिविधियों की पूरी जानकारी रहती है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से रहवासियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
बताया गया कि आगर विधायक मधु गेहलोत द्वारा पहले भी जुआ-सट्टा चलवाने वाले एक पुलिस अधिकारी को चौकी से हटाया गया था। वहीं आगर पुलिस कप्तान विनोद सिंह समय-समय पर सभी थाना-चौकियों को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि जिले में किसी भी तरह का अवैध पदार्थों का कारोबार, जुआ-सट्टा या अन्य अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बावजूद तनोड़िया में अवैध कारोबार बिना किसी भय के जारी है, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगर के रहवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ऐसे अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नई पीढ़ी को इन गलत प्रवृत्तियों से बचाया जा सके और उनका भविष्य सुरक्षित रहे।
