संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों में वेतन न मिलने से उबाल, आंदोलन की चेतावनी |
200 से अधिक एनएचएम कर्मियों का 2–3 माह से वेतन लंबित,
आगर मालवा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) अंतर्गत जिले में कार्यरत 200 से अधिक संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को पिछले दो से तीन महीनों से वेतन न मिलने के कारण भारी असंतोष व्याप्त है। कई कर्मचारियों को अगस्त 2025 का वेतन तक नहीं मिल पाया है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी वेतन न मिल पाने से संविदा स्टाफ आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
सार्थक पोर्टल पर उपस्थिती का विवाद, कर्मचारी बोले—फील्ड में नेटवर्क नहीं, सेवाएं रुकती नहीं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय द्वारा अक्टूबर माह से वेतन इसलिए रोका गया है कि ‘सार्थक पोर्टल’ पर कुछ कर्मचारियों ने उपस्थिती दर्ज नहीं की।
वहीं स्वास्थ्य कर्मचारी कहते हैं कि वे लगातार फील्ड और इमरजेंसी कार्यों में लगे रहते हैं—
“हम प्रसूति सेवाओं, टीकाकरण, आउटरीच कार्यक्रमों और ग्रामीण क्षेत्रों में दौरे पर रहते हैं। कई जगह नेटवर्क नहीं मिलता, ऐसे में तुरंत उपस्थिति लगाना संभव नहीं होता।
उज्जैन संभाग के संचालक और कलेक्टर के निर्देश के बाद भी वेतन अटका
कर्मचारियों का कहना है कि क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं उज्जैन संभाग और कलेक्टर कार्यालय द्वारा वेतन भुगतान के स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन CMHO कार्यालय स्तर पर अब भी भुगतान लंबित है। इससे कर्मचारियों में शासन–प्रशासन के प्रति नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
2–3 माह का वेतन न मिलने से घर–गृहस्थी चरमराई
अल्प वेतन में सेवा देने वाले अधिकांश संविदा कर्मचारी परिवार चलाने में असमर्थ होते जा रहे हैं।
कई लोगों को घर खर्च, बच्चों की फीस और इलाज के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है।
लोन की किश्तें भरना मुश्किल हो गया है, कुछ साथियों को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए भी उधार लेना पड़ रहा है।” कर्मचारियों ने बताया।
-कोविड में हमें कोरोना योद्धा कहा, आज वेतन भी नहीं—कर्मचारियों का दर्द
कर्मचारियों ने भावुक होकर कहा
कोविड काल में हमने बिना छुट्टी जीवन दांव पर लगाकर सेवा दी। तब हमें कोरोना योद्धा कहा गया। आज जब महामारी नहीं है, तो हमारी मेहनत भी भुला दी गई है। सरकार कहती है कि प्रत्येक माह की 1 तारीख को वेतन दिया जाए, फिर हमें ही क्यों रोका जा रहा है?”
—
संविदा संघ ने उठाई आवाज — जिला अध्यक्ष और संयोजक ने सौंपा ज्ञापन
वेतन भुगतान और समस्या के समाधान के लिए संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला आगर मालवा ने CMHO कार्यालय को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो संघ आंदोलन की राह अपनाने को विवश होगा।
संघ पदाधिकारियों ने कहा—अब धैर्य की सीमा पार
मनीष शर्मा, जिला अध्यक्ष, संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने कहा—
“कर्मचारी परिवार लेकर काम करते हैं, वेतन हमारा अधिकार है। प्रशासन की उदासीनता से कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है। अब समाधान ही एकमात्र विकल्प है।
जितेंद्र जी जैन, जिला संयोजक, ने कहा—
हमने कई बार निवेदन किया, उच्चस्तरीय निर्देश भी आ चुके हैं, फिर भी वेतन जारी नहीं हो रहा। यदि समस्या तुरंत नहीं सुलझी तो संघ रणनीति बनाकर आंदोलन करेगा।”
