शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजानगरी के विद्यार्थियों का पॉलिटेक्निक महाविद्यालय आगर मालवा में शैक्षणिक भ्रमण |

आगर मालवा |
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय आगर मालवा के प्राचार्य डॉ. हितेंद्र सिंह तोमर के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजानगरी के विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिसर में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
इस दौरान महाविद्यालय के व्याख्याता  दीपिका परमार,  रीना राजावत, डॉ. हर्षा चौहान तथा  राजेश चौहान द्वारा विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित तकनीकी पाठ्यक्रमों एवं प्रयोगशालाओं का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों को अवगत कराया गया कि महाविद्यालय में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित हैं, जिनमें सैद्धांतिक अध्ययन के साथ-साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है।
कंप्यूटर साइंस विभाग में विद्यार्थियों को हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, लैंग्वेज, कोडिंग-डिकोडिंग तथा कंप्यूटर नेटवर्किंग संबंधी जानकारी दी गई। सिविल इंजीनियरिंग विभाग में गिट्टी, मिट्टी एवं सीमेंट परीक्षण सहित सीटीएम मशीन की कार्यप्रणाली का अवलोकन कराया गया। मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में  अचिन मदान द्वारा लेथ मशीन के संचालन, वेल्डिंग शॉप, गैस एवं अर्क वेल्डिंग, फिटिंग शॉप, ड्रिलिंग मशीन, यूटीएम मशीन, वाटर टरबाइन एवं हाइड्रोलिक यंत्रों की कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में  अदिति गुप्ता द्वारा सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, पीसीबी डिजाइनिंग, डीटीएच, मोबाइल कम्युनिकेशन, एनालॉगदृडिजिटल सिग्नल तथा विद्युत उत्पादन प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की गई।
प्राचार्य डॉ. हितेंद्र सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार किसी भी उपलब्ध शाखा में प्रवेश लेकर तकनीकी शिक्षा के माध्यम से उत्कृष्ट कैरियर निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सोलर पार्क, पवन ऊर्जा परियोजनाएं, कुंडलिया डैम एवं अन्य विकासात्मक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें दक्ष तकनीकी कार्मिकों की आवश्यकता निरंतर बनी रहती है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनके विस्तृत उत्तर प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों एवं संभावनाओं से परिचित कराने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। इस शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजानगरी से शिक्षक  अलका गहलोत,  विश्वेंद्र सिंह ,  अर्पित चौहान एवं  मुकेश शर्मा उपस्थित रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live