ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के नागरिकों को पुलिस दे रही सीपीआर व प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण
ब्यूरो – दारा सिंह आर्य
आगर-मालवा। सड़क हादसों में घायलों को समय पर उपचार और मदद मिल सके, इसके लिए आगर-मालवा पुलिस ने ‘मिशन जीवन रक्षक’ अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत जिले के ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के आसपास रहने वाले आम नागरिकों को सीपीआर और प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य हादसे के बाद के गोल्डन ऑवर में घायल को तत्काल मदद उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाने की संभावना बढ़ाना है।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में
आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मां पीतांबरा अस्पताल के डॉ. आनंद शर्मा एवं उनकी टीम, जिला अस्पताल के डॉ. इस्माइल तथा एनएचएआई से अजय मालवीय और उनकी टीम ने नागरिकों व पुलिसकर्मियों को सीपीआर और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने आपात स्थिति में घायल व्यक्ति की स्थिति का आकलन करने, सुरक्षित तरीके से मदद करने और आवश्यकता पड़ने पर सीपीआर देने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
एसपी सोनी ने बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल को समय पर प्राथमिक सहायता मिलना और जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना उसकी स्थिति के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। उन्होंने सीपीआर, गोल्डन ऑवर और राहवीर योजना की जानकारी देते हुए लोगों से दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सुरक्षित तरीके से मदद के लिए आगे आने की अपील की।
यातायात नियमों के पालन की अपील
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
पुलिस के अनुसार ‘मिशन जीवन रक्षक’ का उद्देश्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के आसपास रहने वाले नागरिकों को इस तरह प्रशिक्षित करना है कि हादसा होने पर एंबुलेंस या चिकित्सा सहायता पहुंचने तक वे घायल को आवश्यक प्राथमिक सहायता दे सकें। इससे दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में मिलने वाली मदद को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव, यातायात प्रभारी सौरभ सिंह चौहान सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस की अपील, सड़क पर सावधानी बरतें, यातायात नियमों का पालन करें और दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षित तरीके से घायल की मदद के लिए आगे आएं।
