गौतमचंद धिंग निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित, सचिव पद पर जितेंद्र धाकड़ ने 32 मतों से दर्ज की जीत

 

ब्यूरो – दारा सिंह आर्य

आगर-मालवा। मध्यप्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय चुनाव एवं आमसभा में आगर-मालवा जिले के 11 प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए अपने मताधिकार का उपयोग किया। 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को इंदौर बायपास स्थित एक निजी होटल में आयोजित चुनाव में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।

 

चुनाव प्रक्रिया संगठन के निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष पद पर पुनः गौतमचंद धिंग निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं प्रदेश सचिव पद के लिए राजीव सिंघल और जितेंद्र धाकड़ के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें जितेंद्र धाकड़ ने 32 मतों से जीत दर्ज की। इसके अलावा श्रीकांत दीक्षित प्रदेश कोषाध्यक्ष, मनोज अगनानी सहसचिव तथा अशोक पटेरिया संगठन सचिव पद पर निर्वाचित हुए।

 

चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली। कार्यक्रम में गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन अतिथि के रूप में शामिल हुए। चुनाव को लेकर पिछले करीब दो माह से तैयारियां की जा रही थीं।

 

जिला इकाई ने दी बधाई

 

प्रदेश स्तरीय चुनाव में नई कार्यकारिणी के गठन के बाद जिला केमिस्ट एसोसिएशन आगर-मालवा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जिला इकाई ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में प्रदेश संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा दवा व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं एवं हितों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

जिला केमिस्ट एसोसिएशन की ओर से जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, जिला सचिव योगेश पांडे, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राठौर, राजेश मेठी एवं जिला मीडिया प्रभारी दारा सिंह आर्य ने शुभकामनाएं देते हुए संगठन में एकजुटता, आपसी समन्वय और केमिस्टों के अधिकारों के लिए मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

चुनाव में आगर-मालवा जिले के साथ बड़ौद, सुसनेर, नलखेड़ा एवं कानड़ क्षेत्र के केमिस्ट संगठन के पदाधिकारी और सदस्यों ने भी भागीदारी की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live