केमिस्ट संगठन ने पुलिस अधीक्षक का किया सम्मान, नशा मुक्ति अभियान में देने का संकल्प |
आगर-मालवा। “नशे से दूरी है जरूरी” जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले भर के डॉक्टरों और मेडिकल संचालकों ने भाग लिया। बैठक का आयोजन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर ज़िला केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह का स्वागत किया। जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा और वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश मेठी ने मेडिकल व्यवसायियों की ओर से अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। मेठी ने कहा कि नशा नाश की जड़ है, जिससे न केवल व्यक्ति बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि हम सभी मेडिकल संचालक और चिकित्सक मिलकर समाज में नशा विरोधी जागरूकता फैलाएंगे।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए केमिस्ट प्रतिनिधियों ने भी अभियान की सराहना करते हुए इसे जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। सभी ने मिलकर नशे से मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुसनेर, नलखेड़ा, कानड़, पिपलोन, तनोड़िया, बड़ौद, सोयतकलां और आगर सहित जिले के अनेक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में केमिस्ट एवं मेडिकल संचालक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नशीली दवाओं की अनियंत्रित बिक्री पर रोक लगाने, बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री नहीं करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक सिंह ने सभी मेडिकल संचालकों से अनुरोध किया कि वे समाज के प्रहरी बनकर कार्य करें और नशे के विरुद्ध इस अभियान को सफल बनाएं।
