चंद्रवंशी क्षत्रिय खाती समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए लीलाधर देथलिया |
इंदौर। अखिल भारतीय चंद्रवंशी खाती समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु रविवार को संपन्न हुए चुनाव में उज्जैन जिले की तराना तहसील के कनासिया गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक लीलाधर देथलिया ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी पूर्व मंडी अध्यक्ष सोमेश्वर पटेल को हराते हुए समाज का नेतृत्व संभालने का गौरव प्राप्त किया।
यह चुनाव लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तरह ही व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इंदौर, उज्जैन, देवास, आगर मालवा, शाजापुर, सांवेर, राऊ, महू, मंदसौर, नीमच सहित विभिन्न जिलों से समाजजनों ने मतदान किया। कुल 6610 मत डाले गए, जिनमें देथलिया ने 1841 वोटों की बढ़त के साथ विजय हासिल की।
शाम को मतगणना पूरी होते ही जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, समाजजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी होने के बाद देथलिया का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस अवसर पर सिद्धनाथ चौधरी, नारायण सिंह आचार्य, ईश्वर चंद्रवंशी, नंदकिशोर वर्मा, पी.के. खजुरिया, पवन आर्य, रमेश पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, नीरज खजुरिया सहित समाज के वरिष्ठजन व कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं और समाज की उन्नति की अपेक्षा जताई।
