आर्य समाज एवं आर्य वीर दल का संभागीय दशहरा मिलन समारोह संपन्न |

दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में आगर से जाएंगे हजारो आर्यवीर

आगर मालवा।
शनिवार को जिले की गणेश गौशाला, चिपिया में आर्य समाज एवं आर्य वीर दल के संयुक्त तत्वावधान में संभागीय दशहरा मिलन समारोह का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में आगर सहित संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आर्य समाज के पदाधिकारी, आर्य वीर दल के कार्यकर्ता एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण से हुआ। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। समाज में सद्भाव और एकता तभी संभव है जब व्यक्ति के मन से द्वेष, ईर्ष्या और कलुषता समाप्त हो। वक्ताओं ने कहा कि जो दूसरों के प्रति दुर्भावना रखता है, वह न समाज का हो सकता है, न परिवार का। भारत आर्यों की पवित्र भूमि है, जहां श्रीराम और श्रीकृष्ण जैसे महापुरुषों ने सत्य और धर्म की स्थापना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य समाज के विद्वान काशीराम आर्य (कानड़) ने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्य वीर दल ने हजारों युवाओं को नशे की लत से मुक्त कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में आगर जिले से हजारो आर्य वीर दल के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

आर्य वीर दल के प्रांत संचालक भेरूसिंह आर्य ने युवाओं से बड़ी संख्या में दिल्ली सम्मेलन में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन कुंभ के समान भव्य होगा, जिसमें 42 देशों से आर्य समाज और आर्य वीर दल के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे।

समारोह को आर्य समाज के आर्य लक्ष्मी नारायण पाटीदार ,वेदप्रकाश आर्य, आर्य वीर दल के प्रांतीय महामंत्री प्रतापसिंह आर्य, संभाग संचालक करणसिंह आर्य तथा प्रांत कोषाध्यक्ष दारासिंह आर्य ने भी संबोधित किया। सभी ने आर्य समाज के सिद्धांतों—सत्य, अहिंसा, और वेद मार्ग—पर चलने का संकल्प दोहराते हुए दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में जाने बात कही,

कार्यक्रम का संचालन गणेश गौशाला चिपीय के सदस्य प्रतापसिंह आर्य ने किया, जबकि आभार आर्य वीर दल के जिला संचालक शंकरसिंह आर्य ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर आगर जिले सहित शाजापुर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर आदि जिलों से आए कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। युवाओं ने देशभक्ति गीतों एवं वैदिक उद्घोषों से वातावरण को ऊर्जामय बना दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live