छात्र-छात्राओं को दी गई साइबर सुरक्षा और एआई फ्यूचर की जानकारी |

कानड़ पुलिस ने किया जनजागरण, थाना प्रभारी ने दिए अहम सुझाव

कानड़। मध्यप्रदेश पुलिस प्रशासन के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बढ़ते साइबर क्राइम और एआई (Artificial Intelligence) फ्यूचर के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी राजकुमार दांगी के नेतृत्व में नवीन बस स्टैंड पर स्थानीय स्कूल के छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी और डिजिटल सुरक्षा के विषय में जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी दांगी ने बताया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में हर नागरिक, विशेषकर युवाओं को सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना मोबाइल नंबर, बैंक डिटेल या ओटीपी साझा न करें। साथ ही अपना व्यक्तिगत फोटो या निजी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने से बचें।

उन्होंने आगे बताया कि एआई तकनीक के गलत उपयोग से कई बार अपराधी लोगों की जानकारी या फोटो का दुरुपयोग कर लेते हैं, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।
यदि कोई व्यक्ति अभद्र व्यवहार करे या ऑनलाइन ठगी का प्रयास करे, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1091 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।
इस अवसर पर पुलिस दल के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live