धनतेरस से शुरू हुआ पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व, घर-घर सजे दीप और रंगोलियों से खिला कानड़ नगर
कानड़। धनतेरस पर्व के साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व की शुरुआत हर्ष और उल्लास के माहौल में हुई। शनिवार को सुबह से ही नगर के बाजारों में रौनक देखने को मिली। लोगों ने सोने-चांदी, बर्तन, वाहन व पूजन सामग्री की जमकर खरीदी की। दिनभर बाजारों में ग्राहकी बनी रही तो शाम होते-होते दीपोत्सव का उल्लास घर-आंगन में दिखाई देने लगा।
नगर के मुख्य बाजार, प्रतिष्ठान और घरों पर विद्युत सज्जा की गई। दुकानों और मकानों के बाहर रंग-बिरंगी झालरों की जगमगाहट ने पूरे नगर का नजारा मनमोहक बना दिया। महिलाओं और बालिकाओं ने अपने घरों के आंगन में सुंदर-सुंदर रंगोलियां बनाकर दीप रखे। देर शाम जैसे ही घरों के आंगन और प्रतिष्ठानों पर दीपक जलाए गए, पूरा कानड़ नगर दीपमालाओं की चमक से नहाया नजर आया।
आगर के मंदिर में हुई सजावट_
आगर शहर के प्राचीन बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर,देवनारायण मंदिर, हनुमान मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष सजावट की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में भक्ति संगीत और भजनों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगरवासियों में पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को नरक चतुर्दशी और सोमवार को मुख्य दीपावली पर्व के लिए भी तैयारियां जोरों पर हैं। हर कोई दीपों की रोशनी और खुशियों के इस पर्व का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
