“नामांकन निरस्त होते ही भड़के भाजपा नेता, SDM कार्यालय के सामने धरना”

 

 

आगर मालवा । जिले में पंचायत उपचुनाव को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सोयत क्षेत्र से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह गुंदलावदा ने अपना नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में गुरुवार को एसडीएम सुसनेर कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया था

जानकारी के अनुसार जिले में पंचायत वार्ड क्रमांक–1 के लिए उपचुनाव होना है। इस उपचुनाव में भाजपा नेता मोहन सिंह गुंदलावदा ने बतौर प्रत्याशी अपना नामांकन फार्म दाखिल किया था। हालांकि जांच के दौरान उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया, जिससे वे नाराज हो गए और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।

भाजपा नेता का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा नामांकन निरस्त किए जाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नामांकन को जानबूझकर निरस्त कराया गया है और इसके पीछे उनके घोर राजनीतिक विरोधियों की साजिश है।

 

मामले को लेकर मोहन सिंह गुंदलावदा ने जिला मुख्यालय पहुंचकर निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक को भी पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई है और निष्पक्ष जांच व न्याय की मांग की है।

नामांकन निरस्त होने से आक्रोशित भाजपा नेता एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठे थे । इस घटनाक्रम से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, वहीं प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live