जमीन विवाद में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
आगर मालवा। कानड़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी नारायण सिंह सोधिया (58 वर्ष) निवासी ग्राम रामपुर भुंडवास ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि 16 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 10 बजे, वह अपने बड़े बेटे प्रधान सिंह और छोटे बेटे गोविंद सिंह के साथ घर के सामने बरगद के पेड़ के नीचे बैठे थे। उसी दौरान गांव के श्याम सिंह और सुरेश सिंह वहां पहुंचे।
आरोप है कि दोनों ने जमीन के विवाद को लेकर जबरन राजीनामा करने का दबाव बनाया। फरियादी के इंकार करने पर आरोपियों ने अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान दोनों बेटों के साथ भी विवाद हुआ, जिससे वे डर के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके।
फरियादी ने बताया कि बाद में हिम्मत जुटाकर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296, 351(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है, तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
