आगर मालवा।अधीक्षण यंत्री रत्नेश अयाची (आगर वृत्त) ने विद्युत उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हुए बताया कि उपभोक्ता ऊर्जस मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी विद्युत खपत की वास्तविक एवं तुरंत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ऐप के जरिए दैनिक खपत का विश्लेषण कर विद्युत संरक्षण से संबंधित निर्णय भी लिए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऊर्जस ऐप के माध्यम से बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के मीटर रीडिंग एवं बिलिंग की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पूर्ण पारदर्शिता आएगी। साथ ही औद्योगिक एवं व्यवसायिक उपभोक्ताओं को 0.85 से अधिक पावर फैक्टर बनाए रखने पर प्रोत्साहन की सुविधा भी दी जा रही है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से टाइम ऑफ डे टैरिफ का लाभ 01 अप्रैल 2025 से समस्त श्रेणी के पात्र उपभोक्ताओं को प्रदान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त इन स्मार्ट मीटरों में नेट मीटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि ऊर्जस मोबाइल ऐप के जरिए उपभोक्ता नाम परिवर्तन, लोड परिवर्तन, नवीन कनेक्शन, अस्थायी (टेम्पररी) कनेक्शन सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकते हैं।
अधीक्षण यंत्री ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर एवं ऊर्जस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग कर सुविधाओं का लाभ उठाएं और ऊर्जा संरक्षण में सहयोग करें।
क्र./ 51/फरवरी/2026
