निकली भोलेनाथ की भव्य बारात, नगर में जगह-जगह हुआ स्वागत

 

कानड़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर के पुराने बस स्टैंड स्थित बाबा कनकेश्वर महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। सजी-धजी पालकी में विराजित भगवान भोले नाथ की सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर एवं आरती उतारकर बारात का भव्य स्वागत किया। महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

यह भव्य बारात शिव डेरा स्थित बाबा भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां मुख्य पुजारी पण्डित गोपाल कृष्ण त्रिवेदी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर प्रांगण में विशेष आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। यात्रा के दौरान सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे। श्रद्धालुओं ने फूलमालाओं और जयघोष के साथ बारात का अभिनंदन किया। पूरे आयोजन में आस्था, उत्साह और भक्तिभाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर में निकली भोलेनाथ की इस भव्य बारात ने महाशिवरात्रि पर्व को और अधिक उल्लासपूर्ण बना दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live