जल सप्लाई वाली बावड़ी में मिला मृत स्वान का शव, तैनात कर्मचारी को सीएमओ ने किया निलंबित

 

आगर मालवा। जिले के कानड़ नगर के पचलाना मार्ग स्थित एक निजी बावड़ी में रविवार को एक मृत स्वान का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेश डीलर, भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर देखा गया कि बावड़ी के पानी में स्वान का शव तैर रहा था। उल्लेखनीय है कि इसी बावड़ी से पाइप लाइन के माध्यम से राजवाड़ा क्षेत्र में जल सप्लाई की जाती है तथा पुराने थाना स्थित पानी की टंकी भी यहीं से भरी जाती है, जहां से अन्य वार्डों में पानी का वितरण होता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बावड़ी पर हरी मेटी डली हुई थी, जिससे उसे ढंका गया था। आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति द्वारा वह हरी मेटी हटाए जाने के बाद ही यह घटना सामने आई। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।

सूचना पर हल्का पटवारी जगदीश पाटीदार मौके पर पहुंचे और पंचनामा बनाकर मृत स्वान को बाहर निकलवाकर जंगल में फिकवाया।

इस दौरान सफाई प्रभारी राजेश परमार द्वारा बिना पंचनामा बनाए शव ले जाने की कोशिश को लेकर उपाध्यक्ष राजेश डीलर और कैलाश परिहार के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में अध्यक्ष प्रतिनिधि बाबूलाल बीजापरी तथा सीएमओ शिव सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौजूद सफाई कर्मियों व जल प्रभारी को फटकार लगाते हुए संबंधित ड्यूटी प्रभारी को तत्काल निलंबित करने तथा अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

हालांकि अब तक किसी के अस्वस्थ होने की सूचना नहीं मिली है।

इनका कहना है…

मुख्य नगर पालिका परिषद अधिकारी शिव सिंह चौहान ने बताया कि जिस बावड़ी से मृत स्वान का शव मिला है, वहां तैनात कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। बावड़ी में भरा पानी मोटर पंप से बाहर निकाला जा रहा है तथा पानी में ब्लीचिंग पाउडर डाला जाएगा। जिन वार्डों में इस बावड़ी से पानी की सप्लाई हो रही थी, वहां फिलहाल सप्लाई बंद कर अन्य माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि बावड़ी पर मेटी डाली गई थी, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हटाए जाने की आशंका है, जिसकी जांच की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live